काशीपुर में ज्ञापन सौंपते राशन डीलर।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। राशन डीलर एसोसिएशन ने चीनी गोदाम से तुलवाकर चीनी डीलरों के पास भेजने की मांग की है। उनका कहना है कि गोदाम से मिलने वाली चीनी वजन में कम निकल रही है जिससे उन्हें नुकसान हो रहा है। 2020 में बांटे गए राशन का कमीशन भी डीलरों ने देने की मांग की है।
आदर्श राशनिंग डीलर वेलफेयर सोसायटी काशीपुर शाखा ने जिला पूर्ति अधिकारी को संबोधित ज्ञापन क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी को सौंपा। उन्होंने कहा कि सरकार ने राशन डीलरों को जुलाई से सितंबर तक की प्रति यूनिट दो किलो सरकारी चीनी बांटने का निर्देश दिया है। डीलरों को चीनी सरकारी गोदाम से उठानी पड़ती है। तोलने पर चीनी के बोरों का वजन कम निकलता है। उन्हें नुकसान से बचाने के लिए गोदाम से उन्हें चीनी तोलकर दी जाए। साथ ही गोदाम से दुकान तक चीनी लाने का भाड़ा भी दिया जाए। डीलरों ने यह भी कहा है कि वर्ष 2020 में प्रधान मंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत डीलरों ने राशन लोगों को राशन बांटा था जिसका अब तक उन्हें न ही भाड़ा मिला है और न ही कमीशन। जल्द से जल्द उन्हें भाड़े और कमीशन का भुगतान किया जाए। वहां वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष विनोद कुमार, सारस्वत, महासचिव सार्थक अग्रवाल, मोती सिंह, ईश्वर मिश्रा, पुष्पक यादव, गायत्री आदि थे।