रुद्रपुर। अयोध्या में श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर तराई में सुबह से रात तक उत्सव का माहौल रहा। सोमवार को शहर के प्रमुख लक्ष्मी नारायण मंदिर, अटरिया मंदिर, बालाजी मंदिर, शिव मंदिर 84 घंटा, आवास विकास स्थित शिव शक्ति मंदिर सहित सभी मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिरों में हवन पूजन, अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया।
लक्ष्मी नारायण मंदिर और एलाइंस कालोनी में एलडी स्क्रीन लगाकर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। नगर निगम की ओर से डीडी चौक पर लगाई गई स्क्रीन पर बड़ी संख्या में लोगों ने लाइव प्रसारण देखा। यहां निगम की ओर से मिठाई बांटी गई। वहां नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, सीपीयू इंस्पेक्टर राकेश बिष्ट मौजूद रहे। अटरिया मंदिर और ओमेक्स काॅलोनी में शोभायात्रा निकाली गई। यहां विजयभूषण गर्ग, भारत भूषण चुघ सहित अनेक मौजूद रहे। शक्ति विहार काॅलोनी में श्री रामचरित मानस पाठ का आयोजन किया गया। वहां मेयर रामपाल सिंह, जेबी सिंह, किशोर शर्मा, हरीश पनेरू, मदन मोहन बिष्ट, पवन पांडे आदि थे। महेशपुर गांव में विधायक शिव अरोरा ने कार्यकर्ताओं के साथ आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। वहां उत्तम दत्ता, प्रीत ग्रोवर, राजेश बजाज, सुशील बजाज आदि थे। ट्रांजिट कैंप के शिमला बहादुर से पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और संजय ठुकराल ने केसरिया झंडा दिखाकर बाइक रैली को रवाना किया। वहां विपिन राजपूत, शुभम ठाकुर, आदि शुक्ला, आदेश गंगवार, ललित गंगवार आदि थे। संवाद
-
कांग्रेस ने नवग्रह शांति यज्ञ और हनुमान चालीसा का किया पाठ
रुद्रपुर। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में सनातनी परंपराओं के उल्लंघन और प्राण प्रतिष्ठा का राजनीतिकरण किये जाने के खिलाफ कांग्रेसियों ने अटरिया रोड पर स्थित मंदिर में नवग्रह शांति यज्ञ और हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया। उन्होंने सभी के कल्याण की कामना करने के साथ ही सर्वधर्म सद्भाव के लिए सामूहिक प्रार्थना भी की। वहां महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा, गोपाल भसीन, ममता रानी, सुनील आर्य, सतीश कुमार, उमा सरकार, प्रीति साना आदि मौजूद रहे। महिला कांग्रेस की वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मीना शर्मा ने शिवनगर स्थित श्री हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ किया। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम समाज में फैली कुरीतियों को दूर करेंगे। वहां पर पंडित सुदर्शन शर्मा, गणेश भट्ट, मोनिका ढाली, बकुल साना, गौरी मंडल मौजूद रहे। संवाद
थानों को सजाया गया, चौराहे पर मुस्तैद रहे पुलिसकर्मी
रुद्रपुर। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर जिला पुलिस सतर्क रही। रुद्रपुर सहित सभी शहरों के प्रमुख चौराहों पर पुलिस मुस्तैद रही। शोभायात्रा सहित अन्य कार्यक्रमों में एहतियातन पुलिस मौजूद रही। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कोतवाली रुद्रपुर स्थित मंदिर में पुलिसकिर्मियों के साथ पूजा अर्चना की और प्रसाद का वितरण किया गया। पुलिस कार्यालय सहित जिले के सभी थाने और चौकियों और वहां स्थित मंदिरों में लाइटिंग कर उनको सजाया गया। संवाद
घरों और मंदिरों में जलाए गए दीये
रुद्रपुर। दिनभर उत्सव के बाद लोगाें ने अंधेरा होने के बाद दीपोत्सव मनाया। इस दौरान घरों और मंदिरों में दीये जलाए गए और आतिशबाजी की गई। रविंद्रनगर के धोबीघाट पर विधायक शिव अरोरा और अन्य लोगों ने श्री राम लिखे शब्द पर 5100 दीये जलाए गए। लोगों ने प्राण प्रतिष्ठा पर पूजा अर्चना की। इसके अलावा नगर निगम की ओर से डीडी चौक पर लेजर शो के जरिए भगवान राम के विभिन्न रूपों को दर्शाया गया। संवाद