काशीपुर नगरनिगम के अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारी।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। क्षत्रिय महासभा ने एमपी चौक पर नगर निगम की ओर से प्रस्तावित पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा लगाने का विरोध किया है। महासभा का कहना है कि वहां पहले से ही महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगी है। वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित करने के लिए दूसरा स्थल चयनित किया जाए।
काशीपुर नगर निगम बोर्ड की चार दिन पूर्व हुई बैठक में पार्षद गंधार अग्रवाल ने एमपी चौक पर वाजपेयी की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव रखा था। इस प्रस्ताव पर अधिकांश पार्षदों की सहमति थी। इस प्रस्ताव का अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने कड़ा विरोध किया है। शुक्रवार को महासभा के पदाधिकारियों ने मेयर ऊषा चौधरी के नाम का ज्ञापन कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा को सौंपा। महासभा ने कहा कि किसी भी दशा में महाराणा प्रताप की प्रतिमा नहीं हटाने देंगे और न ही इस चौक का नाम बदलने देंगे। वहां पर महासभा के अध्यक्ष संजय सोलंकी, अशोक कुमार, मदन सिंह, हरीश कुमार सिंह, महेंद्र सिंह, ब्रज किशोर सिंह, त्रिवेंद्र सिंह, आरएस नेगी आदि थे।