राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Droupadi Murmu) के पंतनगर विवि के दीक्षांत समारोह के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन सुरक्षा को लेकर बेहद अलर्ट है। पुलिस ने छह नवंबर की सुबह सात बजे से अग्रिम आदेश तक जिले में अंतरराज्यीय, अंतर जनपदीय सीमा और जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों के तहत सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश निषेध करने का फैसला लिया है।
कंटीजेंसी रूट में किसी भी प्रकार वाहन खड़ा नहीं होगा। जो भारी वाहन (माल वाहन) जहां पर है, वहीं पर रहेंगे। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि अति आवश्यक सेवाओं जैसे दूध, तेल टैंकर एवं धान के वाहनों का आवागमन यथावत रहेगा।
पांच आईपीएस अधिकारियों सहित 800 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर डीएम उदयराज सिंह, डीआईजी योगेंद्र सिंह रावत और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने में वीवीआईपी ड्यूटी में आए पुलिस कर्मियों को ब्रीफिंग कर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वीवीआईपी ड्यूटी के लिए पांच आईपीएस अधिकारी, सात एडिशनल एसपी, 12 सीओ, 16 एसएचओ, तीन ट्रैफिक इंस्पेक्टर की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा पांच एसओ, 76 एसआई, 17 एलएसआई, दो ट्रैफिक एसआई, 47 एडिशनल एसआई सहित करीब 800 पुलिस कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई हैं।
डीएम ने तैयारियों को परखा
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर चल रही अंतिम दौर की तैयारियों का डीएम उदयराज सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर आगंतुकों के बैठने, आवागमन मार्ग, गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों के साथ फोटोग्राफी के लिए चयनित जगह, निर्धारित यात्रा मार्ग आदि की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने पंडाल का तापमान मेंटेन करने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने विवि के अधिकारियों के साथ ही ऊर्जा निगम, पीडब्ल्यूडी, राजस्व आदि विभाग के अधिकारियों को भी सुरक्षा के संबंध में दिशा निर्देश दिए। वहां सीडीओ विशाल मिश्रा, एडीएम जय भारत सिंह, अशोक कुमार जोशी, मोहम्मद नासिर, एसडीएम मनीष बिष्ट, गौरव पांडे आदि थे।
दलहन हब के रूप में विकसित होगा पंत विवि
कुलपति डाॅ. चौहान ने कहा कि पंतनगर विवि की ओर से हाल ही में दलहन की सात नई किस्में विकसित की गई हैं, जो दलहन के उत्पादन में मील का पत्थर साबित होंगी। बताया कि अभी भी विवि के वैज्ञानिक और कर्मचारी इस दिशा में निरंतर लगे हुए हैं।
मंगलवार को रद्द हो सकती हैं तीनों उड़ान
इंडिगो एयरलाइंस प्रबंधन का कहना है कि सात नवंबर को पंतनगर एयरपोर्ट से तीनों उड़ान प्रभावित हो सकती हैं। पंतनगर एयरपोर्ट के डायरेक्टर सुमित सक्सेना ने बताया कि जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि के 35वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कार्यक्रम प्रस्तावित है। रविवार को रिहर्सल के तहत दिल्ली से वायुसेना के अधिकारी हेलीकॉप्टर से पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया।