डॉ. सुनीता चुफाल रतूड़ी, सीएमओ।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे ऊधमसिंह नगर के जिला अस्पताल के लिए अच्छी खबर है। आईपीएचएस (इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड) के तहत जिला अस्पताल में डॉक्टरों के 12 बढ़ गए हैं। इसके साथ ही काशीपुर के एलडी भट्ट संयुक्त चिकित्सालय में फिजिशियन और चिकित्साधिकारी के एक-एक पद बढ़ाया गया है।
रुद्रपुर स्थित जिला अस्पताल में डायलिसिस, सीजेरियन, अल्ट्रासाउंड, जनरल ऑपरेशन समेत विभिन्न निशुल्क जांचों की सुविधा है लेकिन डॉक्टरों की कमी के कारण आम जनता को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा है। पिछले दिनों जनरल सर्जन डॉ. यतेंद्र सिंह बृजवाल के आकस्मिक निधन व कुछ डॉक्टरों के इस्तीफे के बाद जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी हो गई है।
अब सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए नए डॉक्टरों के पद सृजित करने के साथ ही पदों के सापेक्ष नियुक्ति के लिए शासन स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला अस्पताल में डॉक्टरों के 12 नए पद सृजित होने के बाद यहां डॉक्टरों के कुल पदों की संख्या 49 पहुंच गई है। अब ऊधमसिंह नगर जिले में कुल डॉक्टरों के पदों की संख्या 243 हो गई है। इनमें 11 डॉक्टर दंत रोग विशेषज्ञ हैं।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों के नए सृजित पद
पदनाम - सृजित पद
निश्चेतक - 03
फिजिशियन- 03
चिकित्साधिकारी- 06
जिले में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए आईपीएचएस के तहत रुद्रपुर जिला अस्पताल में डॉक्टरों के 12 व काशीपुर संयुक्त चिकित्सालय में दो पद बढ़ाए हैं। शासन स्तर पर जल्द ही इन पदों के सापेक्ष नियुक्ति की जाएगी। इससे जिले में डॉक्टरों की कमी की समस्या खत्म होगी।
-डॉ. सुनीता चुफाल रतूड़ी, सीएमओ, ऊधम सिंह नगर।