काशीपुर में फूलों की दुकान। संवाद
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। मीरापुर मेरठ व मवाना के फूलों से काशीपुर में प्रत्याशियों का स्वागत हो रहा है। चुनाव में फूल मालाओं से प्रत्याशियों और साथ चलने वाले गणमान्य व्यक्तियों का फूल-मालाओं से स्वागत करने का चलन होने से फूल विक्रेताओं की खूब बिक्री हुई है।
शनिवार को किसी भी दुकान पर फूल नहीं थे। सभी फूलों की दुकानों पर फूल और फूलमालाएं समाप्त हो गईं। नगर के गंगेबाबा रोड के तिराहे के आसपास फूल बेचने वालों की छह-सात दुकानें हैं। इनमें से बाला जी फ्लावर्स डेकोरेशन नाम की दुकान थोक की है। दुकान के मालिक चिराग अरोरा ने बताया कि वह थोक का काम करता है। बाहर से फूल मंगाकर काशीपुर व रामनगर के फूल के दुकानदारों को सप्लाई करता है।
लोकल में फूल की खेती नहीं होती है इसलिए मीरापुर, मकवालना मेरठ से गेंदा, गुलाब, चमेली, जरबेरा के फूल मंगाए जाते हैं। शादी के लिए लोगों की ओर से चमेली, गुलाब के फूल व गुलदस्तों की मांग रहती है। थोक में इन दिनों प्रतिदिन डेढ़ क्विंटल फूल बिक जाते हैं। फुटकर में बीस से तीस किलो ही बिकते हैं। अरोरा ने बताया कि माला 25 से 30 रुपये की दर से बिकती है। गेंदा का फूल डेढ़ सौ रुपये किलो तक बिकता है। चुनाव के चलते राजनीतिक दल दो दिन पहले ही मालाओं के लिए आर्डर करते हैं। चुनावी सीजन होने से बिक्री अधिक होने से सभी छोटे दुकानदारों के यहां जितने भी फूल थे सब बिक गए। कई दुकानदार तो खाली बैठने की स्थिति में पहुंच गए हैं।