कोतवाल मनोज रतूड़ी समेत ऊधमसिंह नगर के तीन इंस्पेक्टरों को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए गृह मंत्रालय भारत सरकार की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इन तीनों का चयन भारत सरकार के उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए हुआ है।
एलआईयू इंस्पेक्टर विजय प्रसाद, एसटीएफ इंस्पेक्टर एमपी सिंह और कोतवाल काशीपुर मनोज रतूड़ी को सम्मान के लिए चुना गया है। इन्हें 31 अक्तूबर को पुलिस मुख्यालय देहरादून में राष्ट्रीय एकता दिवस के दिन उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। यह पदक गृहमंत्री भारत सरकार की ओर से दिया जाता है। संवाद
इंस्पेक्टर पौड़ी रहते रोका था जातीय संघर्ष
काशीपुर। काशीपुर इंस्पेक्टर मनोज रतूड़ी को यह पदक साल 2017-18 के लिए दिया जा रहा है। 2018 में वह इंस्पेक्टर पौड़ी थे। इस दौरान एक बच्ची को जला दिया गया। दो जातियों के लोगों में संघर्ष होने की आशंका पैदा हो गई। पूरे क्षेत्र में तनाव हो गया।
इसी दौरान इंस्पेक्टर कोतवाली ने एक नायक की तरह सामने आकर पूरे मामले को त्वरित कार्रवाई करते हुए निस्तारित करने में अहम भूमिका निभाई। इसके चलते उन्हें एक पुरस्कार दिया जा रहा है। अशांति, सांप्रदायिक तनाव आदि को फैलने से रोकने में कामयाब रहने वाले पुलिस अधिकारियों को उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जाता है।