सुल्तानपुर पट्टी कोसी खनन क्षेत्र में छापामारी करती संयुक्त टीम। संवाद
- फोटो : KASHIPUR
सुल्तानपुर पट्टी। खनन और राजस्व विभाग की टीम ने बाजपुर क्षेत्र के चार स्टोन क्रशरों पर छापा मारा। पैमाइश करने पर सभी क्रशरों में निर्धारित मात्रा से अधिक उपखनिज पाया गया। सभी का पोर्टल लॉक कर दिया गया है। उन पर तीन करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया। इधर, टीम ने कोसी नदी में खनन पट्टों की आड़ में हो रहे अवैध खनन की शिकायत पर खनन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा। 12 वाहनों को पकड़कर सीज कर दिया गया।
मंगलवार को अवैध खनन की शिकायत पर एडीएम डॉ. ललित नारायण मिश्र ने रुद्रपुर एसडीएम प्रत्यूष सिंह, किच्छा एसडीएम कौस्तुभ मिश्र, बाजपुर एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी, खनन अधिकारी अमित गौरव के साथ कोसी नदी में शीशम घाट पर छापा मारा। इस दौरान अवैध खनन में लिप्त एक दर्जन वाहनों को पकड़ा। कोसी नदी में खोदे गए खेतों की नापजोख की गई। बाद में टीम ने छोई रोड स्थित स्टोन क्रशर हरिहर सेकेंड, काशी विश्वनाथ, जोगीपुर स्टोन क्रशर पर छापा मारा।
एडीएम डॉ. ललित नारायण मिश्र ने बताया कि चार क्रशरों पर छापा मारा गया, जहां निर्धारित मात्रा से अधिक उपखनिज पाया गया। बताया कि पट्टों की आड़ में हो रहे अवैध खनन की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया की जाएगी। अवैध खनन रोकने के लिए पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। संयुक्त टीम बार-बार छापामारी की जाएगी, जो भी दोषी पाया गया उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले एसडीएम ने सुबह छापामारी कर अवैध खनन से भरे तीन वाहनों को पकड़कर सीज कर दिया।