रुद्रपुर में किच्छा कोतवाली पुलिस की हिरासत में वाहन चोर गिरोह के दो सदस्य।
- फोटो : RUDRAPUR
किच्छा कोतवाली पुलिस ने शनिवार को अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्यों को दो कारों के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें कोर्ट के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि उनका तीसरा साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
शनिवार को एसएसपी कार्यालय में एसपी सिटी ममता बोहरा ने पत्रकारों को बताया कि 16 नवंबर को रिछा बहेड़ी (यूपी) निवासी दानिश सिद्दिकी की कार किच्छा से चोरी हो गई थी। किच्छा कोतवाली में केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल से लेकर बरेली तक जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। शुक्रवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि चोरी हुई कार को दो लोग तुलसी द्वार, लालपुर से यूपी ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। जिस पर किच्छा कोतवाल अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और वाहनों की तलाशी शुरू कर दी।
पुलिस को देख कार सवार दो युवक भागने लगे, लेकिन किच्छा कोतवाल अशोक ने टीम के साथ उन्हें दबोच लिया। आरोपी बिलारी मुरादाबाद निवासी बिलाल पुत्र मकसूद और पलिया जिला लखीमपुर खीरी निवासी नजीम पुत्र मुस्तकीम ने कार चोरी की बात कुबूली।
एसपी सिटी ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के अनुसार वे 16 नवंबर की रात अपने एक साथी के साथ उसकी कार से किच्छा आए और कार चोरी कर रुद्रपुर में छिपा दी। शुकवार को वह चोरी की कार लेने रुद्रपुर आए थे। उनके पास से घटना में प्रयुक्त कार समेत दो वाहन बरामद किए। एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस टीम को एसएसपी ने ढाई हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।