काशीपुर में पुलिस हिरासत में स्मैक तस्करी का आरोपी।
- फोटो : KASHIPUR
आईटीआई थाना पुलिस ने एक तस्कर को 305 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में डेढ़ करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
मंगलवार को एसपी प्रमोद कुमार ने अपने कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सोमवार रात आईटीआई थाना पुलिस चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान सूचना मिली कि एक तस्कर स्मैक के साथ आ रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर रजपुरा डैम को जाने वाले लिंक मार्ग लोहियापुल पर शाकीब निवासी मोहल्ला जबार खां थाना गंज जिला रामपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 305 ग्राम स्मैक और बाइक बरामद हुई है।
आरोपी बाइक में रखकर स्मैक को काशीपुर और जसपुर में खपाने के लिए ले जा रहा था। आरोपी काशीपुर निवासी नशे के कुछ सौदागरों के संपर्क में हैं। आरोपी के आपराधिक इतिहास के बारे में उत्तर प्रदेश से जानकारी की जा रही है। एसएसपी ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एक हजार रुपये व उप महानिरीक्षक कुमाऊं ने 2500 रुपये नकद इनाम दिया है। पुलिस टीम में पुलिस क्षेत्राधिकारी अक्षय प्रह्लाद कोंडे, आईटीआई थानाध्यक्ष विद्यादत्त जोशी, एसआई राकेश कठैयत, कांस्टेबल कमल नाथ, ध्यान सिंह, बलवंत सिंह, उमेश तोमक्याल, महेंद्र नयाल, कमल पाल रहे।