रुद्रपुर। सिडकुल की एक कंपनी में काम करने वाला सफाई कर्मी छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया यहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मूल रूप से रामलीला मोहल्ला बहेड़ी बरेली निवासी मनीष कुमार (30) निवासी विजेंद्र सिडकुल की एक कंपनी में काम करता था। वह आदर्श कालोनी स्थित घासमंडी में पत्नी संगीता और दो बच्चों के साथ किराए पर रहता था। बृहस्पतिवार की रात मनीष ने घर में शराब पी और नशे में पड़ोस में किराए पर रहने वाले साढू अमित के कमरे में पहुंच गया। अमित ने मनीष को घर जाने के लिए समझाया लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद मनीष नशे की हालत में अमित के मकान की तीसरे मंजिल की छत पर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि नशे की हालत में मनीष असंतुलित होकर बगल के मकान की छत पर गिर गया। उस मकान के लोगों ने मनीष को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के पिता विजेंद्र का कहना था कि मनीष तीन बेटों में सबसे बड़ा था। उसे कई बार नशा नहीं करने को लेकर समझाया जाता था। इधर, पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।