काशीपुर। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए प्रदेश सरकार द्वारा रविवार को घोषित लॉकडाउन काशीपुर में सफल रहा। व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखकर लॉकडाउन को समर्थन दिया लेकिन सड़कों पर कुछ वाहन दौड़ते रहे। कई स्थानों पर पुलिस ने सख्ती बरत कर लॉकडाउन को सफल बनाया।
काशीपुर में भी सुबह नौ बजे से पहले सब्जी और फल आदि की कुछ दुकानें खुली जिनसे लोगों ने सामान खरीदा। परिवहन बंद होने से रामनगर, यूपी आदि जगह को जाने वाले यात्रियों को वाहन न मिलने से परेशानी हुई लेकिन शहर की सड़कों पर छुटपुट वाहन चलते रहे।
नगर निगम ने की शहर की सफाई
काशीपुर। निगम के कूड़ा वाहनों ने शहर में सड़क किनारे और गलियों में पड़े कूड़े के ढेरों का निस्तारण किया। इसके साथ ही निगम की टीम ने मुख्य बाजार, एसडीम कोर्ट रोड, रतन सिनेमा रोड और रेलवे स्टेशन कॉलोनी में कीटनाशक का भी छिड़काव किया। (ब्यूरो)
विश्वेसरैया भवन में 34 छात्र कोरोना संक्रमित
पंतनगर। जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय स्थित प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के विश्वेसरैया भवन छात्रावास में रह रहे 34 छात्र कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। लेकिन लापरवाही का आलम यह रहा कि रविवार को छात्रों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट आने से पूर्व ही अन्य छात्रों के साथ 25 संक्रमित छात्र भी अपने घरों को रवाना हो गए। अब पुलिस प्रशासन ने इन छात्रों के नाम, पते और मोबाइल नंबर लेकर उनके परिजनों सहित वहां की पुलिस व एलआईयू को उन्हें होम आइसोलेशन में रखने की जानकारी दे रहा है।
बृहस्पतिवार को पंतनगर पहुंची सीएचसी किच्छा की मेडिकल टीम ने विश्वेसरैया भवन के सभी 214 छात्रों एवं शुक्रवार को गोल्डन जुबिली भवन की सभी 209 छात्राओं के सैंपल लिए। रविवार को विश्वेसरैया भवन के छात्रों की आई रिपोर्ट में 29 छात्रों के संक्रमित मिलने पर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसके अलावा पंतनगर में तीन अन्य प्राध्यापको सहित पांच कर्मियों व दो बाहरी छात्रों में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
काशीपुर, मुख्य बाजार में दुकान पर लटका ताला।- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर के पटेल नगर में ई-रिक्शा को रोकती पुलिस।- फोटो : KASHIPUR
जसपुर में बंद पड़ा बाजार।- फोटो : KASHIPUR