रुद्रपुर। तालाबंदी के खिलाफ धरना दे रहे इंटरार्क फैक्टरी के कर्मचारियों ने धरना स्थल पर ही होली मनाई। आक्रोशित कर्मचारियों ने कहा कि जब तक फैक्टरी में लॉकआउट रहेगा, तब तक वह कंपनी के आगे धरने पर डटे रहेंगे।
सिडकुल के सेक्टर-दो स्थित इंटरार्क फैक्टरी के कर्मचारियों का धरना शुक्रवार को होली के दिन भी जारी रहा। उन्होंने धरनास्थल पर ही होली मनाकर एक-दूसरे गुलाल लगाकर बधाई दी। शनिवार को चौथे दिन भी उनका धरना जारी रहा। इंटरार्क मजदूर संगठन के अध्यक्ष दलजीत सिंह ने कहा कि कंपनी से सैकड़ों मशीनों व कलपुर्जों को बाहर शिफ्ट किया जा रहा है। महामंत्री सौरभ कुमार ने आरोप लगाया कि कंपनी में पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके बाद भी पुलिस की मौजूदगी में कंपनी से सैकड़ों ऑक्सीजन सिलेंडर, रेगुलेटरों, हेलमेट आदि को कंपनी से बाहर किच्छा प्लांट में शिफ्ट किया जा रहा है।
कोषाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने कहा कि इसकी शिकायत पुलिस व श्रम विभाग के अधिकारियों के समक्ष रखी गई है। इसके बावजूद प्रबंधन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना देने वालों में नकुल कुमार, पंकज शर्मा, उदय सिंह, प्रमोद वर्मा, ललित मोहन, उमेश यादव, वीरेंद्र कुमार आदि थे। इधर, इंटरार्क कंपनी के एचआर हेड व एडमिन बीवी श्रीधर ने फिर दोहराया कि उत्पादन कम होने से लॉकआउट किया गया है। सामान्य व्यवस्था होने के बाद कंपनी को खोल दिया जाएगा।