काशीपुर। एक पखवाड़े से मौसम में तेजी से बदलाव आ रहा है। दिन में तापमान अधिक हो रहा है तो वहीं रात के समय तापमान घट जा रहा है। ऐसे बदलते मौसम में इंफेक्शन का खतरा अधिक बढ़ रहा है। खासकर लोगों में सर्दी-जुकाम की शिकायत आ रही है।
बदलते मौसम में बच्चों में सर्दी-जुकाम और निमोनिया की शिकायत हो रही है। गर्मी का एहसास होने के दौरान घरों में चलाए जा रहे पंखे बीमारी को बढ़ावा दे रहे हैं। एलडी भट्ट सरकारी अस्पताल के डॉ. अमरजीत साहनी ने बताया कि बदलते मौसम में पंखे की हवा खाने से परहेज करना चाहिए क्योंकि दिन के समय तापमान अधिक होने से गर्म कपड़े पहने नहीं जाते हैं तो सूरज ढलते ही तापमान कम होने से सर्दी का एहसास होने लगता है। यदि ऐसे में लापरवाही बरती तो दवा खानी पड़ सकती हैं। इस बदलते मौसम में बच्चों और बुजुर्गों को गर्म कपड़े अवश्य पहनाएं क्योंकि इनकी इम्युनिटी पावर कम होती है और जल्दी ही इंफेक्शन का शिकार हो जाते हैं।
अस्पताल में बढ़ने लगे मरीज
काशीपुर। एलडी भट्ट उप जिला अस्पताल में बदलते मौसम के चलते सर्दी, जुकाम और बुखार के रोगी बढ़ रहे हैं। बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन 70-80 लोग सर्दी-जुकाम के आ रहे हैं। ऐसे में डॉक्टरों का कहना है कि इस बदलते मौसम में सावधानी बरती जाए।
मौसम के साथ मच्छरों का बढ़ रहा प्रकोप
काशीपुर। दिन में तापमान बढ़ने के साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। डॉ. अमरजीत साहनी ने बताया कि मच्छर 25-30 डिग्री तापमान में पनपते हैं। वहीं मच्छर पनपने की मुख्य वजह गदंगी, खाली प्लाटों में भरा पानी, नालियों का चोक होना और कूड़े का ढेर लगा होना है। बताया कि इससे वायरल के साथ ही मलेरिया, डेंगू का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए आमजन को चाहिए वह अपने आसपास साफ-सफाई रखें और खाली प्लाटों में पानी जमा नहीं होने दें।
यह करें बचाव
- बच्चों को पंखे की हवा से दूर रखें।
- बच्चों को फुल वाजू के और हल्के गर्म कपड़े पहनाएं।
- फ्रिज का ठंडा पानी, आइसक्रीम व कोल्ड ड्रिंक से परहेज करें।
- किसी भी प्रकार की दिक्कत होने पर चिकित्सक को दिखाएं।
- रात को सोते समय यदि गर्मी लगे तो कॉटन की चादर ओढ़े।
- मच्छरों से बचाव के लिए कीटनाशक का स्प्रे करें।