बाजपुर कोतवाली में व्यापारी पर हमला कर डकैती करने वाले गिरफ्तार आरोपी और पुलिस टीम।
- फोटो : BAZPUR
बाजपुर। फीस के विवाद में दुकान के अंदर घुसकर व्यापारी पर हमला और लूटपाट करने वाले एक नामजद सहित चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर रिवाल्वर भी बरामद किया है और वारदात में प्रयुक्त कार को सीज किया है। बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच कनाडा के कॉलेज में फीस जमा नहीं कराने का विवाद चल रहा था।
बाजपुर के एक व्यापारी के साथ 11 सितंबर को हुई वारदात के बाद पीड़ित अमित पाल के भाई चंदर पाल की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद और पांच अन्य के खिलाफ डकैती का मुकदमा दर्ज किया था। सोमवार को सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बेरिया दौलत रोड स्थित गडरी नदी के पास कार में सवार चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम रजविंदर सिंह ऊर्फ मंजू निवासी गांव बांसखेड़ी (केलाखेड़ा), रवजीत सिंह उर्फ मोनू निवासी गांव बेरिया दौलत, निर्मल सिंह निवासी गांव क्षेत्रीय फार्म, संदीप सिंह ऊर्फ रिंकू निवासी गांव बांसखेड़ी बताया। आरोपियों की निशानदेही पर गडरी नदी के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया रिवाल्वर भी बरामद कर लिया। जबकि आईईएलटीएस संचालक और नामजद आरोपी अमृतपाल अभी फरार है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी गई। सीओ ने बताया कि रिवाल्वर की बरामदगी होने से मुकदमे में आईपीसी की धारा 412 की बढ़ोतरी की जाएगी। सीओ ने बताया कि व्यापारी की ओर से नकदी लूटने की बात कही गई है उसकी जांच जारी है।