काशीपुर। हत्या के मामले में आईटीआई पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सभी नामजद आरोपी अभी फरार बताए गए हैं।
थाना केलाखेड़ा के ग्राम बैरिया दौलत निवासी जगजीवन ने आईटीआई थाना पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसने अपनी बेटी रश्मि का विवाह 2013 में महुआखेड़ागंज निवासी अरविंद कुमार से हुई थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही अरविंद कुमार ने दहेज की मांग को लेकर रश्मि को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उन्होंने दहेज में दो लाख रुपये की मांग को लेकर रश्मि के साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया। जगजीवन का कहना है कि पंचायती फैसले के बाद वह अपनी बेटी को उसकी ससुराल छोड़ आया। इस दौरान रश्मि के देवर विजेंद्र की शादी भी हो गई, लेकिन विजेंद्र की पत्नी भी ससुरालियों के साथ मिलकर रश्मि के साथ मारपीट करने लगी।
27 सितंबर को रश्मि ने फोनकर बताया कि ससुराली उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस पर उसने अपने बेटे को महुआखेड़ागंज भेजा तो रश्मि मृत अवस्था में जमीन पर पड़ी थी। तहरीर में जगजीवन ने बेटी के ससुरालियों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया था।
एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। विवाहिता के विवाह को सात साल से अधिक की अवधि पूर्ण हो चुकी है। मृतका के पिता की तहरीर पर पति अरविंद कुमार, ससुर तीरथ सिंह, सास संज्ञा, देवर विजेंद्र, ननद कंचन व देवरानी रितु के खिलाफ धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्य संकलन कर इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।