काशीपुर में जेसीबी को कब्जे में लेने का निर्देश देती एसडीएम।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। कुंडेश्वरी मार्ग पर कब्रिस्तान के सामने सड़क किनारे स्थित सरकारी जमीन पर एक व्यक्ति ने चहारदीवारी कर कब्जा करने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची एसडीएम और निगम की टीम ने वहां निर्माण कार्य रुकवा दिया।
कुंडेश्वरी रोड पर सड़क किनारे 0.101 हेक्टेयर का भूखंड है। राजस्व अभिलेखों में यह भूमि सरकारी है। इस पर नगरनिगम अपना दावा कर रही है जबकि एक अन्य व्यक्ति इस भूमि पर अपना दावा कर रहा है। भूमि को सुरक्षित करने के लिए कुछ साल पहले नगर निगम ने चहारदीवारी बना दी है। मंगलवार को भूखंड पर दावा करने वाले व्यक्ति ने जेसीबी मंगाकर निगम प्रशासन की बनाई दीवार का एक हिस्सा गिरवाकर कब्जा करने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर एसडीएम आकांक्षा वर्मा मौके पर पहुंची। एसडीएम का कहना था कि इस भूखंड को लेकर अभी कोर्ट में वाद लंबित है। ऐसे में बिना अनुमति के यहां जेसीबी चलाना गलत है। आईटीआई पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में ले लिया है।