जिलाधिकारी उदयराज सिंह की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में उन्होंने कहा सरकार की प्राथमिकता है, जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो। तहसील दिवस में विभिन्न प्रमाण पत्र, सड़क, बिजली, पानी, जलभराव, राशनकार्ड, आवास व पेंशन आदि आई 152 शिकायतों में से 67 का मौके पर निस्तारण किया गया।
ब्लाक सभागार में आयोजित तहसील दिवस में डीएम उदयराज सिंह ने समस्याओं को सुना। इस दौरान ग्राम सन्यासियोंवाला प्रभा देवी, वाचिया देवी, सीमा देवी व सुभाष चन्द्र पुरी ने बीपीएल राशनकार्ड बनवाने का प्रार्थना पत्र दिया। डीएम ने एसडीएम व पूर्ति अधिकारी को सर्वे कराने के निर्देश दिए। प्रभा देवी, मीनू, लवप्रीत, विमला देवी, बीरो देवी, तारा देवी व जगदीश ने पीएम आवास दिलाने की मांग की। ग्राम परमानंदपुर दभोरा निवासी लवप्रीत सिंह ने बताया उनके खेत के पास से निकल रहे सरकारी नाले पर एक क्रेशर ने अतिक्रमण कर नाले की चौड़ाई कम कर दी है। वहीं यूपी की सीमा पर कई क्रेशर ने नाले पर अतिक्रमण करके नाला बंद कर दिया है। इससे खेतों में पानी भरने से फसल खराब हो रही है। श्यामपुर मोहल्ला वासियों ने महादेव नगर के पूर्व व हरि शंकर मंदिर के मध्य में सड़क व ड्रैनेज बनाने की मांग की।
ग्राम खड़कपुर देवीपुरा में स्ट्रीट लाइन लगवाने की मांग की। हरबंस सिंह ने कहा गांव मुकुंदपुर दभौरा टांडा, अजीतपुर, परमानंद, गौशाला और सिख टांडा में कई जगह विद्युत पोलों की दूरी अधिक होने से विद्युत तारें झूल रही हैं। हरबंस सिंह ने क्षेत्र में हैंडपंप से गंदा पानी आने की शिकायत की। बृजेश कुमार सक्सेना ने कृष्णा विहार कॉलोनी में नया ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की। राजेश्वरी देवी ने डीएम से कहा कि मेरा बेटा दिव्यांग है, मेरा आय प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण मेरे दिव्यांग बेटे को समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। डीएम ने एसडीएम को शीघ्र आय प्रमाण पत्र जारी करने और जिला समाज कल्याण अधिकारी को दिव्यांग का तत्काल फार्म भरवाने के निर्देश दिए। शिवलालपुर निवासी नासिर ने जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की मांग की।
अधिकारी व्यक्तिगत रूचि लेकर समस्याओं का समाधान करें
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का निस्तारण सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील दिवस में उठी जन समस्याओं का व्यक्तिगत रुचि लेकर समाधान करें। उन्होंने कहा कि जो भी छोटी-छोटी समस्याएं आई है उन्हें अपने स्तर पर ही समाधान करें। जनता अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाए। कहा तहसील दिवस में मौके पर जिन समस्याओं का निस्तारण नहीं हो सका है उनको संबंधित विभाग को भेजा जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा अधिकारियों से कहा कि पंजीकृत समस्याओं को समय से निस्तारण करके मुख्यमंत्री जन समर्पण पोर्टल पर भी अपलोड कराना सुनिश्चित करें।
यह रहे मौजूद