पंतनगर में पत्रकार वार्ता करते दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल।
- फोटो : RUDRAPUR
पंतनगर। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने कहा कि उत्तराखंड में पार्टी बदलाव के लिए चुनाव लड़ेगी। विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत मिलती है तो दिल्ली की तर्ज पर उत्तराखंड को भी मॉडल प्रदेश बनाया जाएगा। बृहस्पतिवार को विवि परिसर के लैंबर्ट स्क्वायर अतिथि गृह में उन्होंने पत्रकार वार्ता में यह बात कही।
गोयल ने कहा कि उत्तराखंड में शिक्षा और स्वास्थ्य के बुरे हाल हैं। दिल्ली मॉडल पर उत्तराखंड में मोहल्ला क्लीनिक बनाए जाएंगे। उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिला तो राज्य के हर बच्चे को दिल्ली की तर्ज पर पढ़ाई मुफ्त मिलेगी। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 20 सालों से राज्य में एक के बाद एक दोनों पार्टियों ने राज किया लेकिन स्वास्थ्य और शिक्षा के हालात सुधरने के बजाय बदतर होते गए।