काशीपुर। तेज रफ्तार ट्रक और रोडवेज बस की चपेट में आकर बाइक सवार वृद्ध समेत दो लोगों की मौत हो गई। अन्य हादसों में पांच लोग घायल हो गए।
रामनगर रोड स्थित ग्राम खरमासी निवासी बाबूराम (70) बुधवार को अपने बेटे जयप्रकाश के साथ बाइक से रामपुर के बादली टांडा में आयोजित विवाह समारोह में शिरकत करने गया था। बुधवार की शाम दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। अलीगंज रोड पर तारावती सरोजनी देवी स्कूल के सामने तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाबूराम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि जयप्रकाश घायल हो गया।
बाजपुर रोड पर साइकिल की दुकान चलाने वाले ग्राम कचननाल गुंसाई निवासी मंजीत उर्फ बाबा (55) दोपहर दो बजे साइकिल से घास लेकर अपने घर लौट रहा था। सड़क पार करते समय हरिद्वार डिपो की बस की चपेट में आकर वह घायल हो गया। अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसआई राकेश कठायत ने बस कब्जे में लेकर थाने में खड़ी करा दी। मंजीत के परिवार में पत्नी सरिता देवी के अलावा दो पुत्र और दो पुत्रियां है।
उधर, पक्काकोट निवासी हरपाल सिंह (24) बुधवार की रात बाइक पर सवार होकर चैतीमेले से लौट रहा था। चैती चौराहे पर उसकी बाइक सामने से आ रही एक ऑटो रिक्शा से भिड़ गई। हादसे में हरपाल व ऑटो रिक्शा से उतर रहे खड़कपुर देवीपुरा निवासी हेमंत कुमार (20) घायल हो गए। उधर, ग्राम पैगा निवासी संजीव (32) और कचनालगाजी निवासी राजेंद्र सिंह (45) भी सड़क हादसों में घायल हो गए।