जसपुर। पतरामपुर वनरेंज से सटे फाटो जंगल में हाथी का शव मिला है। आशंका जताई जा रही है कि अमानगढ़ टाइगर रिजर्व (एटीआर) के जसपुर कक्ष संख्या 11 में लगाए गए तार से करंट लगने से हाथी की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव का विसरा सुरक्षित रख लिया गया है।
एटीआर पतरामपुर वन रेंज से सटा है। अक्सर हाथी इधर से उधर आते-जाते रहते हैं। अमानगढ़ के जसपुर कक्ष संख्या 11 में वन्यजीवों से फसलों की सुरक्षा को किसान करंट की तार लगाते हैं। रेहड़ के रेंजर राकेश कुमार शर्मा ने बताया वन कर्मी भोपाल सिंह, वन रक्षक नईम अहमद बीट में गश्त कर रहे थे। उन्हें जंगल में नर हाथी मृत अवस्था में मिला। वन अधिकारियों ने हाथी के शव का निरीक्षण कर उसकी मौत के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं। रेंजर शर्मा ने बताया कि हाथी के सभी अंग सुरक्षित हैं। प्रथम दृष्टया हाथी की मौत करंट लगने से होना प्रतीत होती है। विसरा परीक्षण के लिए आईवीआरआई इज्जतनगर बरेली भेजा गया है।