जिले में राज्य स्थापना दिवस को उत्तराखंड महोत्सव के रूप में हर्षोल्लास से मनाया गया। विभिन्न सांस्कृतिक दलों, पुलिसकर्मियों और विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान कोरोना महामारी और आपदा में उत्कृष्ट काम करने वाले 41 लोगों को सम्मानित किया गया।
मंगलवार को रुद्रपुर पुलिस लाइन में मुख्य अतिथि ग्राम्य विकास, गन्ना विकास, चीनी उद्योग मंत्री और जनपद प्रभारी यतीश्वरानंद ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने राज्य आंदोलन के दौरान शहीद हुए आंदोलनकारियों के चित्रों पर माल्यार्पण और श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया। यतीश्वरानंद ने कहा कि राज्य आंदोलन के शहीदों के सपनों के उत्तराखंड की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
वर्ष 2025 तक राज्य को सर्वश्रेष्ठ और आदर्श राज्य बनाने की दिशा में सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे। डीएम रंजना राजगुरु ने सभी को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी। इस दौरान कोविड-19 और आपदा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 41 लोगों को सम्मानित किया गया। साथ ही सात प्रगतिशील किसानों, स्वयं सहायता समूहों की 12 महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। ओपन क्रॉस कंट्री रेस के बालक वर्ग व बालिका वर्ग के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
स्वामित्व योजना के तहत छह लोगों और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के तहत 15 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट दी गईं। कार्यक्रम में सभी विभागों की योजनाओं के प्रचार-प्रसार को लेकर स्टॉल भी लगाए थे। वहां विधायक राजकुमार ठुकराल, मेयर रापमाल सिंह, डीएम रंजना राजगुरु, एसएसपी डीएस कुंवर, सीएमओ डॉ. सुनीता चुफाल रतूड़ी, सीडीओ आशीष भटगाई, एडीएम जयभारत सिंह, डॉ. ललित नारायण मिश्र, उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष सुरेश परिहार, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, अनिल चौहान, देवकी बिष्ट, विकास शर्मा आदि थे।
दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल देते जिले के प्रभारी मंत्री यतीश्वरानंद।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर पुलिस लाइन में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते कलाकार।- फोटो : RUDRAPUR