रुद्रपुर 31वीं वाहिनी पीएसी में मेले में लगा स्टाल का निरीक्षण करते एसएसपी और सेनानायक।
- फोटो : RUDRAPUR
31वीं वाहिनी पीएसी के 51वें स्थापना दिवस पर तीन दिवसीय मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का बृहस्पतिवार को आगाज हो गया है। वाहिनी परिसर में मुख्य अतिथि एसएसपी दलीप सिंह कुंवर, वाहिनी सेनानायक ददन पाल और वाहिनी उपवा अध्यक्ष आभा ददन पाल ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया।
वाहिनी की महिला पाइप बैंड और आर्केस्ट्रा टीम ने मधुर धुनों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। अतिथियों ने मेला परिसर का भ्रमण कर स्टॉलों से खरीदारी की। वाहिनी के बच्चों के बीच चित्रकला प्रतियोगिता भी हुई। परिसर में लगे मेले में बच्चों के झूले, खिलौने, सौंदर्य प्रसाधन सामग्री, पहाड़ी दालें, लकड़ी के सामान, खाद्य सामग्री और वस्त्रों के स्टाल लगाए गए हैं।
वाहिनी सेनानायक ददन पाल ने बताया कि तीन दिन तक मेला चलेगा और सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वहां उपसेनानायक विमल कुमार आचार्य, सहयक सेनानायक कमला बिष्ट, राजेंद्र सिंह कोश्यारी, फोरेंसिक लैब के संयुक्त निदेशक डॉ. दयाल शरण, क्वाटर मास्टर मनीष शर्मा, दलनायक दिनेश चंद्र उपाध्याय, देवेंद्र सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।