हथियारबंद लगभग आठ-दस लोगों ने घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट की और घर का सामान दो टेंपो में लाद कर ले जाने लगे। इस दौरान पड़ोसियों ने चार लोगों को पकड़ लिया, जबकि बाकी फरार हो गए। महिला ने आठ लोगों के खिलाफ डेढ़ लाख रुपये, लाखों के जेवर लूट ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
रविवार को एक टेंपो में बैठकर आठ-दस लोग पटेलनगर स्थित जसविंदर कौर उर्फ गुड्डी के घर में घुसे। जसविंदर कौर के साथ मारपीट कर अधमरा कर दिया। इसी दौरान लोगों ने घर का सामान, बड़े संदूक आदि दो टेंपो में लादना शुरू कर दिया। जसविंदर कौर के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए।
लोगों के जमा होने पर अधिकांश लोग टेंपो में बैठ गए और जो सामान लदा था उसे लेकर फरार हो गए, जबकि बेड, कुर्सी, मेज आदि जो टेंपो में नहीं लाद पाए थे उसे सड़क पर छोड़ गए। जसविंदर कौर ने दर्ज रिपोर्ट में कहा कि उसका भाई सुरेंद्र सिंह उर्फ बिट्टू पांच जून से गायब है। बार-बार कहने पर भी पुलिस नहीं तलाश रही है।
उसके भाई की ससुराल रामनगर क्षेत्र में है। उसने पुलिस में भाई के रिश्तेदारों पर ही भाई को गायब करने का संदेह जताया है। रविवार को भाई के ससुराल पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर उसे, उसके पुत्र को जान से मारने का प्रयास किया। उसके मुंह मे कपड़ा ठूंस कर पीटा।
उसका अधिकांश सामान ट्रक में ले गए हैं। जसविंदर ने सामान वापस दिलाने, उसके घर में घुस कर लूटपाट करने वालों और भाई को गायब करने वालों की गिरफ्तार करने की मांग को लेकर हंगामा किया।
पुलिस ने पीरूमदारा (रामनगर) निवासी नक्षत्र सिंह, देवेंद्र सिंह, गुरविंदर सिंह, सत्यपाल सिंह, गगन दीप कौर पत्नी सुरेंद्र सिंह, पवनदीप कौर, गुरजीत कौर, परविंदर कौर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया। टांडा चौकी प्रभारी लाखन सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। धारा 147, 323, 452, 354, 307 में मुकदमा दर्ज किया गया है।