हरिद्वार से गंगा जल लेकर आ रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर ट्रॉली को नेशनल हाईवे पर रोडवेज बस ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली हाइवे पर पलट गई। हादसे में तीन कांवड़िये घायल हो गए। घटना से भड़के कांवड़ियों ने बस में तोड़फोड़ कर हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित कांवड़ियों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। क्षतिग्रस्त बस को कब्जे में लेकर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शक्तिफार्म के रतनफार्म नंबर दो के डाक कांवड़ियों का एक जत्था ट्रैक्टर ट्रॉली (यूके06क्यू-5013) पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे थे। मंगलवार सुबह पांच बजे जाफरपुर के पास काशीपुर से हल्द्वानी जा रही रुद्रपुर डिपो की रोडवेज बस (यूके07पीए2123) ने ओवरटेक करते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।
हादसे में हुक टूटने से ट्रैक्टर डिवाइडर पर चढ़ गया और ट्रॉली हाईवे के बीचोंबीच पलट गई। हादसे में ट्रॉली सवार जसवंत आचार्य, ब्रोजेन, और बाबू को गंभीर चोटें आई। घटना के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। घायलों का रुद्रपुर के निजी अस्पताल में उपचार कराया गया।
हादसे से आक्रोशित कांवड़ियों ने हंगामा करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया और बस में तोड़फोड़ कर पहियों की हवा निकाल दी। सूचना पर रुद्रपुर, दिनेशपुर और गदरपुर थाने की पुलिस के साथ आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कांवड़ियों को बस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद क्रेन मंगाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली और बस को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारु किया गया।
कावंड़ियों के हंगामे से हाईवे पर दो घंटे जाम लगा रहा। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनेशपुर पुलिस बस को थाने ले आई। प्रभारी निरीक्षक केएस रावत ने बताया की अज्ञात चालक के खिलाफ धारा 279, 337, 338 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
फोटो खींच रहे लोगों के मोबाइल छीन सड़क किनारे फेंके
दिनेशपुर। हादसे के बाद हुए हंगामे की फोटो खींच रहे ग्रामीणों और राहगीरों पर कांवड़िये भड़क गए। उन्होंने कुछ लोगों के हाथ से मोबाइल छीनकर सड़क किनारे फेंक दिए। एक पत्रकार का मोबाइल छीनकर कांवड़ियों ने सारे फोटो हटा दिए। पुलिस के आग्रह पर कांवड़ियों ने पत्रकार के फोन वापस कर दिए। कांवड़ियों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस वाले भी घटना की वीडियो बनाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
कोट - कांवड़ यात्रा को देखते हुए सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कांवड़ियों की संख्या देखते हुए जरूरत पड़ने पर रूट डायवर्ट करने के निर्देश भी दिए गए हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। - कमलेश उपाध्याय, एसपी क्राइम