सिर और मुंह पर चोट मारकर वारंट ऑफिसर की हत्या, घर में लूटपाट
खून से लथपथ बेडरूम में फर्श पर पड़ा हुआ था शव, सिर में किया हुआ था वार, गले में कपड़ा
पत्नी की मौत के बाद दस साल से कैंप में अकेला रहता था मृतक 78 वर्षीय खेमचंद छाबड़ा
घर से मोबाइल, नगदी व कुछ कागजात मिले गायब
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। कैंप के वीना नगर में एयरफोर्स से रिटायर्ड वारंट ऑफिसर खेमचंद छाबड़ा (78) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक के मुंह व नाक से खून निकला हुआ था। उसके सिर व मुंह पर रॉड या अन्य हथियार से वार किए हुए थे और गला घोंटा हुआ था। वारदात के बाद हत्यारों ने बेडरूम में लूटपाट की। खेमचंद का शव उसके बेडरूम में फर्श पर खून से लथपथ पड़ा हुआ मिला। सिर व चेहरे पर चोटों के निशान थे, गले में कपड़ा बंधा हुआ था। बेडरूम में पलंग व अलमारी खुली पड़ी थी, सामान बिखरा हुआ था। जांच में कमरे से उसका मोबाइल, अलमारी से नकदी व कुछ कागजात गायब मिले। सूचना मिलने पर डीएसपी हेडक्वार्टर रणधीर सिंह, सीआईए, डिटेक्टिव व फर्कपुर एसएचओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या व लूटपाट का केस दर्ज किया है। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सीआईए, साइबर, डिटेक्टिव सहित कई टीमों का गठन किया है।
कैंप निवासी खेमचंद छाबड़ा एयरफोर्स के वांरट ऑफिसर के पद से रिटायर्ड थे। करीब दस साल पहले उनकी पत्नी प्रभा छाबड़ा का निधन हो गया था। तब से वे अकेले ही यहां रहते थे। उन्होंने खाना बनाने व अन्य कार्यों के लिए कैंप निवासी अनीता को नौकरानी रखा हुआ था। अनीता ने बताया कि रोजाना की तरह सोमवार शाम सात बजे वह खाना बनाकर अपने घर चली गई थी। मंगलवार सुबह नौ बजे उसने खेमचंद के मोबाइल पर लेट आने की सूचना देने के लिए फोन किया, लेकिन फोन किसी ने नहीं उठाया। करीब साढे़ 11 बजे जब वह उनके घर पहुंची तो गेट खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो उनका कमरा अंदर से बंद था। उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया। लेकिन उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद वह कमरे से अटैच बाथरूम के रास्ते अंदर गई तो खेमचंद का शव खून से लथपथ बैड के नजदीक फर्श पर पड़ा हुआ था। उनके मुंह व नाक से खून निकला हुआ था। उनके गले में कपड़ा बंधा हुआ था, जो खून से सना हुआ था। सिर व चेहरे पर चोट के निशान थे, गले पर भी घोंटने के निशान थे। अलमारी व पलंग खुला पड़ा हुआ था। पेटी व अटैची के ताले टूटे हुए थे। कमरे में सामान व कागजात बिखरे हुए पड़े थे। जांच करने पर कमरे से नकदी, मृतक का मोबाइल व कागजात गायब थे। मृतक के दामाद सचिन बजाज का कहना है कि किसी अज्ञात ने लूटपाट के इरादे से उसके ससुर की हत्या की। पुलिस ने शव का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या व लूटपाट के आरोप में केस दर्जकर लिया गया है।
---------
वीना नगर कैंप में हत्या की सूचना पर मैं मौके पर गया था। मामले में अज्ञात पर हत्या व लूटपाट का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच के लिए फर्कपुर थाना के साथ सीआईए वन व टू, डिटेक्टिव, साइबर सेल की टीम लगी हुई है। जल्द ही मामले में आरोपियों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।
- रणधीर सिंह, डीएसपी हेडक्वार्टर यमुनानगर।