रुद्रपुर के कीरतपुर स्थित घर में हुई चोरी की घटना की जानकारी देता युवक।
- फोटो : Amar Ujala
जम्मू-कश्मीर में तैनात बीएसएफ हवलदार के घर में चोरों ने धावा बोलकर सोने के जेवरात सहित सामान चुरा लिया। मकान में रहने वाले किरायेदार के कमरे से भी चोर हजारों की नकदी और मोबाइल ले गए।
मूल रूप से चंपावत जिले की पाटी तहसील में रहने वाले दिनेश चंद्र गहतोड़ी जम्मू कश्मीर के ऊधमपुर में बीएसएफ में बतौर हवलदार तैनात हैं। करीब पांच वर्ष पूर्व दिनेश ने कीरतपुर सांई विहार फेस वन में मकान बनवाया था। वर्तमान में उड़ीसा का रहने वाला दामोदर साहू उनके मकान में किराये पर रहकर सिडकुल की एक कंपनी में काम करता है।
अपने कमरों की चाबी दिनेश ने अपने रिश्तेदार अवनीश शर्मा को सौंपी है। मंगलवार रात किरायेदार दामोदर अपने किसी दोस्त के घर गया था और खाना खाने के बाद वहीं रुक गया था। बुधवार सुबह जब वह कमरे पर आया तो देखा उसके कमरे में बनी खिड़की की ग्रिल टूटी थी और उसके कमरे में रखी 15 हजार की नकदी के साथ ही एक मोबाइल गायब था।
इसके साथ ही दिनेश के कमरे की ग्रिल तोड़कर चोर उसके कमरे में भी घुसे थे। दामोदर की सूचना पर मौके पर पहुंचे अवनीश ने कोतवाली पुलिस को घटना से अवगत कराया। अवनीश का कहना है कि चोर दिनेश के कमरे से दो सोने की अंगूठी और कपड़े ले गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी है।