इस तमंचे से युवक ने मार ली गोली।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रीत विहार में मानसिक तनाव के चलते एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक नशा करने का आदी था और कुछ दिन पहले ही नशा मुक्ति केंद्र से आया था।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रीत विहार निवासी अंकित सैनी (22 वर्ष) पुत्र कर्मवीर सैनी पेंटिंग का काम करता था। परिवारीजनों के अनुसार बुधवार को अंकित काफी मानसिक तनाव में था। सुबह लगभग साढ़े 11 बजे अंकित अपने घर की तीसरी मंजिल की छत पर गया।
उस समय उसके पिता कर्मवीर कमरे में खाना खा रहे थे। बहनें खाना परोस रहीं थी। उसी समय अंकित ने तमंचे से अपने भेजे में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के लोग छत की ओर दौड़े। छत पर अंकित लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था।
उसके पास ही तमंचा पड़ा हुआ था। यह देख परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तमंचे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट से जांच कराई गई।
अंकित के पिता कर्मवीर सैनी ने बताया कि अंकित नशे का आदी था और उसे कुछ समय पहले दो-तीन माह के लिए पानीपत के नशा मुक्ति केंद्र में भी भर्ती कराया गया था। उन्हें लगा कि वह ठीक हो गया है, इसलिए कुछ ही दिन पूर्व वह घर आ गया।
घर में कोई बात भी नहीं हुई। लेकिन कुछ दिन से मानसिक तनाव में था। अंकित दो बहनों का इकलौता भाई था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, पुलिस ने मृतक के पास से तमंचा बरामद किया है और तमंचे के संबंध में परिजनों से पूछताछ की है। पुलिस के अनुसार तमंचे के बारे में जानकारी की जा रही है कि युवक के पास तमंचा कहां से आया। कहीं घर में ही तो नहीं रखा हुआ था तमंचा।