एक युवक ने पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बुधवार को जसपुर खुर्द एसडीएम कोर्ट के पश्चिम में स्थित कॉलोनी निवासी अरुण कुमार (31) ने अपने कमरे में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके कमरे से कुछ भी नहीं मिला है।
वह संयुक्त परिवार के साथ रहता था। घर में उसके अलावा माता-पिता और तीन भाई रहते है। अरुण की सात साल पहले शादी हुई थी। उसके दो बच्चे शिवम (5) सत्यम(3) है। पत्नी तीन दिन पहले बच्चों के साथ अपने जीजा के घर कानूनगोयान गई थी।
बुधवार सुबह जब अरुण आठ बजे तक नहीं उठा तो उके छोटे भाई अजय ने अरुण का कमरा खोलने का प्रयास किया। काफी खटखटाने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो परिवार के लोगों ने धक्का मारकर दरवाजा तोड़ दिया। कमरे में अरुण का शव पंखे से लटका था।
परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि अरुण रुद्रपुर मार्ग पर गुड़िया कांप्लेक्स के पास पास बेल के जूस का ठेला लगाता था। चार पांच दिन पहले ही उसकी अपनी पत्नी से मामूली बहस हुई थी। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस को कमरे से कुछ नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।