दो बाइकों की मामूली टक्कर के बाद हुए विवाद में कुछ लोगों ने तमंचे, तलवार और लाठी-डंडे निकाल लिए। इस दौरान युवक पर हमले का प्रयास किया गया। मौके पर भीड़ जुटती देेख हमलावर फरार हो गए, पुलिस ने मौके से तमंचा और अन्य हथियार बरामद किए हैं।
संजयनगर वार्ड तीन निवासी प्रभाष मिस्त्री ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार शाम वह अपने भाई के साथ बाइक पर घर की ओर जा रहा था। मार्ग में बाइक सवार तीन युवकों से उसकी बाइक हल्की सी टकरा गई, जिसे लेकर उक्त युवकों से कहासुनी हो गई।
उस समय तीनों युवक वहां से चले गए। प्रभास का आरोप है कि रात्रि करीब नौ बजे बाइक सवार युवक अपने अन्य साथियों के साथ लाठी-डंडे, धारदार हथियारों और तमंचे से लैस होकर उनके घर आ धमके और हमला करने लगे।
शोर मचाने पर वहां भीड़ जुटने लगी और हमलावर वहां से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से दो तलवार, एक तमंचा कब्जे में ले लिया। प्रभाष के मुताबिक हमलावर जान से मारने की धमकी दे गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।