तराई में आईपीएल मैचों के नाम पर करोड़ों रुपये के सट्टे का धंधा भी जोरों पर चल रहा है। ऐसा खुफिया विभाग की एक रिपोर्ट भी कह रही है। सट्टे के कारोबारियों ने जिले के जसपुर से लेकर नेपाल सीमा खटीमा क्षेत्र तक अपना मजबूत नेटवर्क बिछा रखा है। इस धंधे में पुलिस की मिलीभगत का भी इनपुट है।
बताया जा रहा है कि बुकी दुबई में बैठकर तराई में इस कारोबार को अंजाम दे रहे हैं। खुफिया रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ऊधमसिंह नगर डा. सदानंद दाते ने सट्टा कारोबारियों को पकड़ने के लिए जिले के सभी थाना और चौकियों को अलर्ट कर दिया है। पुलिस को कुछ ठिकानों की पुख्ता जानकारी भी मिल गई है।
ऊधमसिंह नगर जिले के मुख्यालय रुद्रपुर में ही चार बड़ी पॉश कालोनियों में रात के अंधेरे में करोड़ों रुपये के सट्टे का लेनदेन हो रहा है। मुख्य बाजारों में भी धंधा तेजी से फलफूल रहा है। खुफिया सूत्रों के अनुसार बड़े व्यापारी और उद्योग जगत से जुड़े लोग इस धंधे में कूद पड़े हैं।
सट्टे का कारोबार जसपुर से काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, किच्छा, सितारगंज और खटीमा तक बेखौफ चल रहा है। आईपीएल के कारण सट्टे का कारोबार इन दिनों सैकड़ों करोड़ में पहुंचने का अनुमान है। बेमानी के इस धंधे में सटोरिए ईमानदारी के साथ मोटी रकम अपने एजेंटों के जरिये दांव लगाने वालों तक पहुंचाते हैं और उनसे वसूली भी करते हैं।
पिछले आईपीएल में साढ़े चार करोड़ रुपये गंवाए थे सिडकुल के प्लांट हेड ने
पंतनगर सिडकुल की सोना तरासने वाली राजेश एक्सपोर्ट के प्लांट हेड ने आईपीएल मैच में साढ़े चार करोड़ रुपये गंवाऐ थे, उसी रकम को पूरा करने के लिए उसने फैक्ट्री से 17 किलो सोने का गबन किया था। आरोपी राजेश सोनी अभी हल्द्वानी जेल में बंद है।
आईपीएल मैच के नाम पर जिले में करोड़ों रुपये का सट्टा चल रहा है, इसकी जानकारी मिली है। रुद्रपुर शहर में भी कई जगहों पर सट्टे का धंधा चल रहा है। इसमें जिले के सभी थाना और चौकियों को निर्देशित किया गया है वह सटोरियों के ठिकानों पर छापेमार कर उन्हें गिरफ्तार करें। इस कारोबार में कुछ स्थानीय पुलिस कर्मियों की भी संलिप्तता होने की भी जानकारी मिल रही है, गोपनीय ढंग से इस मामले में पूरी कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही कुछ मामलों का खुलासा हो जाएगा।
डा. सदानंद दाते, एसएसपी, ऊधमसिंह नगर