नायब तहसीलदार से मारपीट मामले में फरार चल रहे गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय ने जिला न्यायालय में आत्मसमर्पण के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल कर दिया है।
सूूचना पर सिडकुल पुलिस ने विधायक की धरपकड़ को चेकिंग अभियान भी चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूत्रों के मुताबिक विधायक शुक्रवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में सरेंडर कर सकते हैं।
गदरपुर में एक सप्ताह पहले पट्टे की जमीन को लेकर चल रहे विवाद में विधायक अरविंद पांडेय समेत अन्य समर्थकों ने नायब तहसीलदार से मारपीट कर दी थी।
मामले में पुलिस ने विधायक पांडेय समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। तब से विधायक पांडेय फरार चल रहे हैं। विधायक की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस ने उनके खिलाफ एनबीडब्ल्यू वारंट जारी कर दिया था।
साथ ही उनके घर की कुर्की की तैयारी के तहत 82 की कार्रवाई भी कर दी थी। हालांकि विधायक पांडेय ने हाईकोर्ट में गिरफ्तारी पर रोक लगाने के लिए याचिका दायर की थी, जिसे हाईकोर्ट ने बुधवार को खारिज कर दिया।
गुरुवार को विधायक पांडेय ने न्यायालय में आत्मसमर्पण के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल कराया था। जिसकी सूचना पर आननफानन में सिडकुल चौकी इंचार्ज एमपी सिंह के नेतृत्व में पुलिस फोर्स न्यायालय परिसर के बाहर पहुंची और वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
इस दौरान पुलिस ने न्यायालय परिसर में प्रवेश करने वाले सारे वाहनों की जांच की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूत्रों के मुताबिक विधायक पांडेय शुक्रवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत मेें सरेंडर कर सकते हैं।