अपने घर से 30 तोले से अधिक सोने के जेवर लेकर फरार हुई विवाहिता की तलाश में मुंबई पुलिस ने काशीपुर में दस्तक दी है। मुंबई की ठाणे पुलिस ने काशीपुर पुलिस के साथ मिलकर विवाहिता और उसके प्रेमी के यहां दबिश दी। पुलिस महिला को कोतवाली ले आई।
टांडा रामपुर निवासी एक युवक की मुंबई में कॉस्मेटिक की दुकान है। उसकी दुकान में अकसर आने वाली एक महिला से उसकी नजदीकियां बढ़ गईं। बताया जाता है कि एक महीने पहले महिला का पति शिरडी चला गया तो मौका पाकर महिला घर में रखे करीब 30 से 40 तोले के सोने के जेवर समेट कर दुकान वाले प्रेमी के साथ फरार हो गई। महिला के पति ने ठाणे पुलिस में मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस के मुताबिक युवक ने काशीपुर निवासी अपनी एक परिचित के यहां कुछ जेवरात रखवा दिए।
पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही ठाणे पुलिस शनिवार रात काशीपुर पहुंची और कोतवाली पुलिस को साथ लेकर यहां मोहल्ला महेशपुरा में किराए में रह रहे आरोपी युवक और महिला को दबिश देकर हिरासत में ले लिया। इसके बाद दोनों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि कुछ जेवर युवक की काशीपुर निवासी परिचित महिला के पास रखे हैं। इसपर पुलिस ने दबिश देकर उक्त महिला को भी हिरासत में ले लिया। बताया जाता है कि हिरासत में ली गई महिला ने करीब 20 तोले से अधिक सोने जेवर बैंक में गिरवी रखने की बात कबूली है।