स्पोर्ट्स स्टेडियम में कुमाऊं विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता शुरू हो गई। पहले दिन पिथौरागढ़, काशीपुर, हल्द्वानी और अल्मोड़ा ने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मंगलवार को प्रतियोगिता का फाइनल खेला जाएगा।
सोमवार को स्टेडियम मैदान में प्रतियोगिता का शुभारंभ देवभूमि पर्वतीय महासभा के अध्यक्ष वीडी कंडवाल ने किया। पहला मुकाबला पिथौरागढ़ और टनकपुर के बीच खेला गया। जिसमें पिथौरागढ़ ने टनकपुर को 7-0 से करारी शिकस्त दी। काशीपुर ने लोहाघाट को 6-0 और हल्द्वानी ने बागेश्वर को 5-0 से हराया।
चौथे मुकाबले में अल्मोड़ा ने नैनीताल को 5-3 से पराजित किया। विश्वविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी नागेंद्र शर्मा ने बताया कि पहला सेमीफाइनल काशीपुर और हल्द्वानी और दूसरा सेमीफाइनल अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के बीच खेला जाएगा। दोनों मुकाबलों में विजयी हुई टीमों के बीच मंगलवार को फाइनल खेल जाएगा।
इस मौके पर प्राचार्य डॉ. अर्जुन सिंह सिराड़ी, उत्तराखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष विजेंद्र चौधरी, पूर्व हॉकी खिलाड़ी, चयनकर्ता जगदीश यादव, हाकी फेडरेशन के संयुक्त सचिव योगेश जोशी, क्रीड़ा प्रभारी डॉ. गोविंद पाठक आदि थे।