एनएच-74 भूमि मुआवजा घोटाले की जांच में जुटी एसआईटी ने सोमवार को भी अपनी पूछताछ के क्रम में सितारगंज तहसील के निलंबित किए गए राजस्व कर्मी संतराम सहित काशीपुर तहसील में कार्यरत राजीव कुमार और काशीपुर के ही काश्तकार से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए।
एनएच-74 भूमि मुआवजा घोटाले के मुख्य आरोपी डीपी सिंह के लिए एसआइटी आज कोर्ट से गैरजमानती वारंट ले सकती है। सोमवार को एसआईटी ने कोर्ट में आवेदन किया, लेकिन कोर्ट से एसआईटी को मंगलवार का समय दिया है। डीपी के खिलाफ एसआईटी पूर्व में ही लुकआउट सर्कुलर भी जारी कर चुकी है। चार टीमों को भी डीपी की धरपकड़ के लिए लगाया गया है। इसके साथ ही डीपी के कोर्ट में आत्मसमर्पण करने की आशंका को देखते हुए पुलिस का खुफिया तंत्र भी कोर्ट के आसपास सक्रिय है। पुलिस के अनुसार, अगर एनबीडब्ल्यू जारी करने के बाद सप्ताह भर के भीतर डीपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आता तो उसके खिलाफ कुर्की आदेश भी लिया जाएगा।
एनएच-74 भूमि मुआवजा घोटाले की जांच में अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर घोटाले में लिप्त आठ लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। आगे भी साक्ष्य संकलन के आधार पर दोषी पाये जाने वाले लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। घोटाले के मुख्य आरोपी की धरपकड़ के लिए प्रयास और तेज कर दिए गए हैं। जल्द ही वह भी पुलिस की पकड़ में होगा।
-डा. सदानंद दाते, एसएसपी ऊधमसिंह नगर