राज्य सीमा पर यूपी के गांव मिलक नौ खरीद (रामपुर) स्थित प्रथमा बैंक में कैश के लिए लाइन में खड़ा एक किसान अचानक बेहोश होकर गिर गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि वह कैश लेने के लिए तीन दिन से बैंक के चक्कर लगा रहा था। लेकिन बैंक में कैश न होने से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था।
बुधवार को राज्य सीमा से सटे यूपी के गांव मिलक नौ खरीद रामपुर निवासी रईस अहमद उर्फ जुम्मा (55) पुत्र हाजी छोटे प्रथमा बैंक से रुपए लेने के लिए कतार में लगा था। स्थानीय लोगों ने बताया वह सुबह से ही कतार में लगा था।
इस दौरान जुम्मा को अचानक सीने में दर्द हुआ और वह चक्कर खाकर नीचे गिर गया। उसे बेहोशी की हालत में लोग अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि जुम्मा कैश के लिए तीन दिन से बैंक के चक्कर लगा रहा था।
लेकिन बैंक में कैश न होने से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बैंक में ग्रामीणों की लंबी कतार लगी थी। घटना से बैंक में अफरा तफरी मच गई। बता दें कि मृतक के पांच बच्चे हैं।