लघु सचिवालय की पार्किंग के एक कर्मी के साथ मारपीट कर करीब 15 हजार रुपये छीन लिए गए। विवाद पार्किंग की पर्ची को लेकर हुआ था। पार्किंग कर्मियों ने सेक्टर-छह चौकी पुलिस को इसकी शिकायत दे दी है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को लघु सचिवालय स्थित पार्किंग में कार सवार दो युवकों की पार्किंग की पर्ची को लेकर विवाद हो गया। पार्किंग कर्मी नीरज कुमार ने बताया वह दो अन्य कर्मचारियों के साथ बुधवार को पार्किंग पर काम कर रहा था। कार सवार दो युवकों ने पर्ची लेने पर विवाद कर दिया।
अन्य लोगों ने मामले को सुलझवा दिया। आरोप है कि इसके कुछ देर बाद ही उक्त दोनों युवक अपने कई साथियों के साथ पार्किंग में पहुंचे। उन्होंने उस पर डंडों से हमला कर दिया और उससे करीब 15 हजार रुपये छीन ले गए। हमलावर कुछ ही देर में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। नीरज कुमार ने सेक्टर-छह चौकी पुलिस को इसकी शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। सेक्टर-छह चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस को पार्किंग कर्मी नीरज कुमार की शिकायत मिली है। फिलहाल दोनों पक्षों बातचीत कर मामले को सुलझाने की बात कह रहे हैं। पुलिस ने सुलह न होने पर शिकायत पर कार्रवाई करेगी।