घास काटने गई किशोरी से चाकू की नोक पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने घटना वाले दिन ही तहरीर दे दी थी, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज करने में 12 दिन लगा दिए। किशोरी का मेडिकल कराया गया है। बताया जाता है कि पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है।
बीती 21 अक्तूबर को शाम करीब चार बजे क्षेत्र के एक गांव निवासी एक किशोरी (16) अपनी बहन के साथ मवेशियों के साथ घास काटने गई थी। आरोप है कि रास्ते में संकरी गली में पहुंचते ही गली से सटे घर से निकले युवक ने किशोरी को घर में खींच लिया। युवक किशोरी को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने लगा और वहां मौजूद अपने साथी के साथ मिलकर किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
किशोरी किसी तरह उनके चंगुल से छूट डरी सहमी घर पहुंची और परिजनों को घटना बताई। किशोरी ने एक आरोपी को पहचान लिया, जबकि दूसरे के मुंह पर कपड़ा बंधा होने के कारण उसकी पहचान नहीं कर सकी। पीड़िता के पिता ने कोतवाली में रविंद्र सिंह उर्फ मिंदरी व उसके अज्ञात साथ साथी के खिलाफ तहरीर दी।
पुलिस ने शुक्रवार को घटना के 12 दिन बाद आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। एसएसआई मदन मोहन जोशी ने बताया कि किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले में एक युवक को उठाया गया है। जल्द ही आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।