रुद्रपुर जिला अस्पताल में मृतक बी कार्तिक के बारे में जानकारी लेती पुलिस
- फोटो : amar ujala
मेट्रोपोलिस सिटी में रहने वाले तमिलनाडु के एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह रुद्रपुर के एक बड़े आभूषण के शोरूम में काम करता था। 13 दिन पहले ही उसकी शादी हुई थी और बुधवार को नई-नवेली पत्नी को यहां लाया था। अब अचानक जहर खाकर मौत होने के मामला किसी के गले नहीं उतर रहा। पुलिस को युवक के कमरे से नुवान की खाली शीशी मिली है।
मूल रूप से मदुरै, तमिलनाडु निवासी बी कार्तिक (30) पुत्र बाबू मेट्रोपोलिस सिटी के एफ-65 फ्लैट में रहता था। 27 अक्तूबर को तमिलनाडु में ही कार्तिक की शादी हुई थी। बुधवार को वह अपनी पत्नी धारनी को लेकर रुद्रपुर पहुंचा था। बृहस्पतिवार को कार्तिक और धारनी ने अपने कमरे में सामान शिफ्ट किया। शाम के वक्त कार्तिक ने धारनी से घूमने जाने की बात कहकर तैयार होने को कहा और खुद फ्लैट के दूसरे कमरे में चला गया।
जब धारनी तैयार होने के बाद कार्तिक को बुलाने दूसरे कमरे में गई तो वह जमीन पर बेहोशी की हालत में पड़ा था। धारनी पड़ोसियों की मदद से कार्तिक को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गई, लेकिन डाक्टर ने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद कार्तिक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची सिडकुल चौकी पुलिस ने मामले की छानबीन के लिए मृतक के घर की तलाशी ली।
उसे कार्तिक के कमरे से नुवान की खाली शीशी मिली। इसके आधार पर पुलिस मामले को प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मान रही है। सिडकुल चौकी के दरोगा जगत सिंह भंडारी का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा।