काशीपुर में कोतवाल का घेराव करते भाजपा कार्यकर्ता।
- फोटो : amar ujala
यातायात पुलिस के कांस्टेबल को थप्पड़ मारने के आरोपी छात्र की कोतवाली में कथित रूप से पिटाई और उसके परिजनों से अभद्रता किए जाने के का मामला तूल पकड़ गया। शनिवार को भाजपा और उसके अनुसांगिक संगठनों के कई पदाधिकारियों ने कोतवाल का घेराव कर आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले में छात्र के पिता ने कांस्टेबल के खिलाफ तहरीर भी सौंपी है।
बता दें कि बीती शुक्रवार की शाम को वाहन चेकिंग के दौरान ग्राम धीमरखेड़ा निवासी राजकीय पॉलीटेक्निक के छात्र अंकित ने टांडा तिराहे पर यातायात पुलिस के कांस्टेबल दिनेश सिंह कापड़ी को थप्पड़ मार दिया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया था। तहरीर के आधार पर आरोपी छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। शनिवार को छात्र के परिजन भाजपा एवं विहिप कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचे। छात्र के पिता मदनलाल का आरोप है कि शुक्रवार रात वह अपने पुत्र से मिलने के लिए कोतवाली आए थे। कार्यालय में मौजूद एक कांस्टेबल ने उनके साथ धक्कामुक्की की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर कोतवाली से जाने को कहा। विरोध करने पर कांस्टेबल ने उसके पुत्र को लॉकअप से निकालकर बेल्ट से पीटा। उन्होंने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। बाद में भाजपा और विहिप कार्यकर्ताओं ने कोतवाल चंचल शर्मा का घेराव भी किया। कोतवाल ने मामले में जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। वहां गुरविंदर सिंह चंडोक, राजीव परनामी, यशपाल राजहंस, राजेश पाठक, अकबर अली, जॉनी मौर्य, प्रिंस बाली, जगदीश, सर्वजीत सिंह, शकील अहमद, आकाश कांबोज, अरुण शर्मा, संदीप ठाकुर आदि थे।
कोट-
लॉकअप में बंद आरोपी के साथ एक कांस्टेबल द्वारा मारपीट किए जाने की तहरीर मिली है। इस संबंध में जांच कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को प्रेषित कर दी जाएगी।
- चंचल शर्मा, कोतवाल, काशीपुर।