दुराचार के मामले में कोर्ट में गवाही देेने पहुंची युवती से उसके पूर्व प्रेमी और उसके परिजनों ने कोर्ट के बाहर मारपीट कर दी। युवती के शोर मचाने पर हमलावर फरार हो गए। युवती ने पुलिस को मामले की तहरीर सौंपी है।
पुलिस को सौंपी तहरीर में ट्रांजिट कैंप क्षेत्र निवासी युवती का कहना है कि 2015 में क्षेत्र के ही एक युवक से उसकी मुलाकात हुई और कुछ समय बाद ही दोनों में प्रेम संबंध बन गए। इस दौरान प्रेमी ने जबरन उससे शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई।
शादी की बात करने पर प्रेमी ने उसे छोड़ दिया और उस पर गर्भ गिराने का दबाव बनाया। उसने एक बच्ची को जन्म दिया और लेकिन प्रेमी ने बच्ची उसकी होने से इंकार कर दिया। इस पर युवती ने अपना डीएन टेस्ट कराया, जिसमें बच्ची उसके प्रेमी की होने की पुष्टि हुई।
मामला कोर्ट में पहुंचने के बाद प्रेमी को जेल की सजा हुई और कुछ समय बाद ही प्रेमी जेल से छूट भी गया। युवती के अनुसार अब प्रेमी उस पर कोर्ट से केस वापस लेने के लिए दबाव बना रहा है और इसी के चलते उसे धमकी भी देता है।
बीते सात मार्च को वह कोर्ट में गवाही देने पहुंची थी। आरोप है कि कोर्ट से लौटते समय प्रेमी ने अपने परिजनों के साथ उसे कोर्ट के बाहर पीट दिया और उसकी 11 माह की बेटी के गले पर चाकू रखकर उसे भी मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर ट्रांजिट कैंप पुलिस मामले की जांच कर रही है।