शहर के चैती मैदान में भगवती बाल सुंदरी मंदिर परिसर में खड़ी की गई स्कूटी को असलहों से लैस आधा दर्जन लोग जबरन उठाकर ले गए। मंदिर के सेवकों के ओर से दी गई सूचना पर पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्कू टी के वाहन तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम दो युवतियों ने अपनी स्कूटी को चैती मैदान में भगवती बाल सुंदरी मंदिर के बाहर खड़ी कर दी थी। उसके बाद दोनों पीछे से आई एक कार में बैठकर चली गई। करीब चार घंटे तक जब स्कूटी लेने कोई नहीं आया तो मंदिर सेवकों ने आईटीआई पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मियों ने मौके पर आकर स्कूटी को मंदिर परिसर में खड़ा कर दिया। करीब साढ़े दस बजे दोनों युवतियां स्कूटी लेने आई तो मंदिर के सेवकों ने पुलिस की इजाजत के बाद ही स्कूटी देने की बात कही।
यह सुनकर दोनों युवतियां वहां से चली गई। बताया जा रहा है कि इनके जाने के कुछ समय बाद एक दर्जन लोग असलहों से लैस होकर मौके पर आ धमके। जबरन स्कूटी को लेकर चले गए। आईटीआई एसओ नरेश चौहान ने बताया कि मंदिर के सेवकों ने पुलिस को असलहेधारियों द्वारा जबरन स्कूटी ले जाने की सूचना दी थी। स्कूटी में रजिस्ट्रेशन भी नहीं था। मामले की जांच कर स्कूटी मालिक का पता लगाया जा रहा है। उसके बाद स्कूटी ले जाने वालों का भी पता चल जाएगा।
नशेड़ियों का अड्डा बना चैती मैदान
चैती मैदान नशेड़ियों का अड्डा बन रहा है। करीब तीन महीने पहले भी दो युवतियां अपनी स्कूटी लावारिश खड़ी कर कहीं चली गई थी। कुछ घंटे बाद दोनों नशे की हालत में वहां पहुंची थी। उन्होंने हंगामा भी किया था। तब पुलिस ने मामले को रफा-दफा कर दिया था। लेकिन मंगलवार की रात की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।