अल्मोड़ा निवासी युवक की हत्या कर शव को रजाई में लपेटकर गंगापुर रोड पर फेंक दिया गया। बुधवार सुबह सड़क किनारे शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों के अनुसार मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। मृतक की जेब से मिले देवस्थली विद्यापीठ के आई कार्ड में लिखे पते से उसकी शिनाख्त ग्राम डुंडू भनोली अल्मोड़ा निवासी 23 वर्षीय राजेश पुत्र गुसांई राम के रुप में हुई है। पुलिस की सूचना पर पहुंचे मृतक के भाई ने बताया कि कुछ समय पहले राजेश की नौकरी हल्द्वानी स्थित एचडीएफसी बैंक में लगी थी, उसे जल्द ही नौकरी ज्वाइन करनी थी। उसने इसके लिए तिकोनिया में किराये पर कमरा भी ले लिया था।
बुधवार सुबह नारायणपुर गंगापुर मार्ग पर टहल रहे क्षेत्र के लोगों ने सड़क किनारे एक युवक का शव रजाई में लिपटा देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर एएसपी पंकज भट्ट, सीओ हरीश मेहरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मृतक के पास से देवस्थली विद्यापीठ का आई कार्ड मिला, जिससे उसकी शिनाख्त ग्राम डुंडू भनौली अल्मोड़ा निवासी 23 वर्षीय राजेश पुत्र गुसाईं राम के रूप में हुई।
शव के करीब ही पड़ा ड्राइविंग लाइसेंस और खाली शराब की बोतलें भी पुलिस ने जांच के लिए अपने कब्जे में ले ली हैं। मृतक के गर्दन और मुंह पर लगी चोट को देखकर पुलिस इसे प्रथमदृष्टया हत्या बता रही है। मृतक के परिजनों को सूचना देने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर सूचना पर पहुंचे मृतक के भाई अनिल का कहना है कि मृतक राजेश की नौकरी कुछ समय पहले ही हल्द्वानी स्थित एचडीएफसी बैंक में लगी थी और नौकरी ज्वाइन करने के लिए ही उसने तिकोनिया में किराये पर कमरा लिया था। लेकिन मृतक कैसे हल्द्वानी से घटनास्थल तक पहुंच गया इसकी जानकारी किसी को नहीं है।
मामले को लेकर एएसपी पंकज भट्ट का कहना है कि मृतक राजेश ने कुछ समय पूर्व ही लालपुर के एक शिक्षण संस्थान से बीबीए की पढ़ाई पूरी की थी। मंगलवार को वह लालपुर स्थित अपने कमरे से सामान लेने हल्द्वानी से पहुंचा था, मामले की छानबीन के लिए मृतक के दोस्तों के साथ ही अन्य संदिग्धों से पूछताछ चल रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होने की आशंका है।