साठ करोड़ों के कर्ज में डूबी सिडकुल स्थित ब्रुशमैन प्रा.लि. कंपनी को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की नई दिल्ली शाखा के अफसरों ने शुक्रवार को सील कर दिया। फैक्ट्री पिछले कई माह से बंद थी। एसबीआई के अधिकारियों ने कहा सील की गई फैक्ट्री को नीलाम कर लोन की वसूली की जाएगी।
सिडकुल के सेक्टर-3 स्थित ब्रुशमैन प्रा.लि. फैक्ट्री में कास्मैटिक का सामान आदि बनता था। पिछले कई माह से उत्पादन बंद होने से फैक्ट्री में ताले लटके थे। बताया गया कि नई दिल्ली स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया की शाखा से कंपनी ने करोड़ों का ऋण ले रखा था, वर्तमान में फैक्ट्री की देनदारी साठ करोड़ पहुंच चुकी थी।
लगातार नोटिस भेजने के बाद भी ऋण की बकाया रकम का भुगतान नहीं करने पर शुक्रवार को स्टेट बैंक दिल्ली के अधिकारी अपने अधिवक्ता अनिल कोहली के साथ यहां पहुंचे। उन्होंने सिडकुल पुलिस को साथ ले फैक्ट्री में अपने ताले लगा दिए। अधिवक्ता कोहली का कहना था कि ऋण की अदायगी के लिए कंपनी को कई बार नोटिस भेजे गये, लेकिन फैक्ट्री प्रबंधन ने नोटिस का जवाब नहीं दिया। बैंक अधिकारियों ने बताया अगले 15 दिन के भीतर भी यदि बैंक को बकाया भुगतान नहीं किया गया तो नियमानुसार फैक्ट्री की नीलामी की जाएगी।