ओएनजीसी अधिकारी की पत्नी से सवा करोड़ रुपये की ठगी में सजा पूरी होने पर नाइजीरियन को वापस उसके देश भेज दिया गया है। नाइजीरियन केविन ब्राउन उर्फ केशमीयर चुकवुडी माडूनाटम को ढाई साल की सजा हुई थी।
सजा पूरी होने के बाद शुक्रवार को उसके देश भेजा गया। आपराधिक गतिविधियों में लिप्त होने के कारण उसे ब्लैक लिस्टेड करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में वह भारत ना आ सके।
कैंट कोतवाली क्षेत्र में ओएनजीसी अधिकारी की पत्नी से नाइजीरियन ने 2014 में विदेशी निवेश का लालच देकर करीब सवा करोड़ रुपये ठगे थे। हाईप्रोफाइल इस मामले की विवेचना बाद में पुलिस से लेकर स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के सुपुर्द की गई थी।
एसटीएफ के तत्कालीन एसएसपी सदानंद दाते की अगुवाई में टीम ने नाइजीरियन केविन ब्राउन उर्फ केशमीयर चुकवुडी माडूनाटम को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। एसटीएफ उसे लेकर दून आई थी, जहां पर धोखाधड़ी, आईटीएक्ट और विदेशी अधिनियम के तहत उसका चालान किया गया।
अदालत ने सुनवाई के बाद नाइजीरियन को ढाई साल की सजा सुनवाई थी। एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने बताया कि सजा पूरी होने के बाद शुक्रवार को नाइजीरियन को उप निरीक्षक विनोद चौहान की अभिरक्षा में आईजीआई एयरपोर्ट नई दिल्ली भेजा गया है। जहां से केविन को उसके देश भेज दिया जाएगा।