रुद्रपुर। कांग्रेसी नेता और पूर्व सभासद के मोबाइल शोरूम में सेंधमारी की कोशिश कर रहे चोर को गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने दबोच लिया।
इंदिरा कॉलोनी निवासी कांग्रेसी नेता इंद्रजीत सिंह का अंबेडकर पार्क के सामने खालसा मोबाइल शोरूम है। शोरूम में इंद्रजीत के दो बेटे गुरविंदर और हरविंदर बैठते हैं। शनिवार रात दोनों भाई शोरूम बंद कर घर चले गए थे।
आधी रात को एक चोर उनकी दुकान पर चढ़कर छत के किनारे लगी टिन को हटाकर भीतर जाने के लिए हथौड़े और छेनी की मदद से छत तोड़ रहा था। इसी बीच वहां गश्त कर रहे सिपाहियों ने शोरूम की छत से जोर-जोर से आ रही आवाज सुनी। टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक ने साथियों के नाम भी बताए, जिन्हें पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
बाजार चौकी इंचार्ज जसविंदर सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी लालपुर का रहने वाला है और नशा करता है। उन्होंने बताया कि दो संदिग्धों को किसी अन्य मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
दो बार पूर्व में हो चुकी लाखों रुपयों की चोरी
रुद्रपुर। खालसा मोबाइल शोरूम में चोरी के प्रयास का पहला मामला नहीं है। तीन साल में दो बार लाखों रुपयों की चोरी हो चुकी है। वर्ष 2015 में धनतरेस की रात चोरों ने दुकान में सेंधमारी कर पांच लाख रुपयों के मोबाइल चुरा लिए थे, जिनमें से कुछ कानपुर में बरामद हो गए थे।
पिछले साल दशहरे के दो दिन पहले चोरों ने दुकान से 20 लाख रुपये के मोबाइल और अन्य सामान चोरी कर लिया था। वारदात का पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। घटना में बिहार के गैंग की संलिप्तता सामने आई थी, लेकिन पुलिस की दबिश से पहले ही आरोपी नेपाल भाग गए थे।