काशीपुर में आधार कार्ड ठीक कराने को लेकर पोस्टमैन और एक ग्राहक के बीच कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट हो गई। लोगों के बीचबचाव कराने के बाद मामला शांत हो गया। ग्राहक ने पुलिस से शिकायत की है।
मुख्य डाकघर में आधार कार्ड बनाने का काउंटर खुला हुआ है। मंगलवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे अल्ली खां निवासी एक व्यक्ति अपने आधार में संशोधन कराने के लिए गया था। काउंटर पर भीड़ लगी हुई थी। अपना कार्य शीघ्र कराने के लिए वह डाकघर के भीतर एक संविदा पर कार्यरत पोस्टमैन से मिले। पोस्टमैन ने उसे जल्द काम करने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच बहस और फिर मारपीट हो गई। आरोप है कि उक्त ग्राहक को कर्मचारियों ने मिलकर पीट दिया। लोगों के बीचबचाव करने पर हंगामा शांत हुआ। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। शाम तक चौकी में दोनों पक्षों के बीच समझौता वार्ता चलती रही। पोस्टमास्टर बीएस रावत ने बताया कि आधार कार्ड में संशोधन कराने को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों को बैठाकर मामले को निपटाया जाएगा।