काशीपुर। खेत से कंबाइन गुजारने को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान जमकर लाठी, डंडे और तलवारें भी चली। इस विवाद में दोनों पक्ष के तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कुंडेश्वरी के ग्राम जुड़का थौनपुरी में सर्वजीत सिंह व दर्शन सिंह के खेत पास-पास है। धान काटने के लिए कंबाइन मशीन गुजारने को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। उनके मध्य लाठी, डंडे व धारदार हथियारों का प्रयोग हुआ। इस झगड़े में तलवारें लगने से एक पक्ष के चरनजीत सिंह और जोरावर सिंह तथा दूसरे पक्ष के राजेंद्र सिंह भी घायल हो गए। इस मामले में एक पक्ष के सबरजीत सिंह ने दर्शन सिंह, प्रिंस, अमनदीप सिंह, डूंगर सिंह, प्रदीप, बब्लू आदि के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। जबकि दूसरे पक्ष के दर्शन सिंह ने चरनजीत सिंह, जोरावर सिंह, सुखताज सिंह, गुरमीत सिंह व हैप्पी आदि के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने तथा जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षो की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र को सौंपी गई है।