रुद्रपुर। भूमि मुआवजा घोटाले में फरार आठ किसानों का सुराग नहीं लग सका है। एसआईटी की दो टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देकर लौट आई हैं। किसानों के विदेश भागने की संभावना के मद्देनजर एसआईटी लुकआउट नोटिस जारी करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए पासपोर्ट और अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। बहुत जल्द किसानों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी हो सकता है। अन्य चिन्हित किसानों के खिलाफ एसआईटी एनबीडब्ल्यू लेने की कार्रवाई में जुटी है।
दरअसल, काशीपुर, जसपुर तहसील में दस्तावेज की जांच में एसआईटी को पता चला था कि अफसरों के साथ मिलीभगत कर किसानों ने करोड़ों रुपये का मुआवजा हासिल किया था। ऐसे की आठ किसानों को एसआईटी ने चिन्हित किया था, जिन्होंने आठ से 30 करोड़ रुपये का मुआवजा लिया था। चार जनवरी को एसआईटी के विवेचना अधिकारी/सीओ स्वतंत्र कुमार ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की कोर्ट से जसपुर, काशीपुर तहसील के आठ किसानों के खिलाफ गैरजमानती वारंट हासिल किए थे। इनमें दिलबाग सिंह, अजमेर सिंह, गुरमेज सिंह, सुखदेव सिंह, सतनाम सिंह, सुखवंत सिंह, मंदीप सिंह, विक्रम सिंह शामिल हैं। गैर जमानती वारंट जारी होने की भनक लगते ही काश्तकार फरार हो गए थे। किसानों के पंजाब में छिपे होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की दो टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिशें दी, लेकिन आरोपी हत्थे नहीं चढ़ सके। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी विदेश भाग सकते हैं। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि दबिश में किसान नहीं मिल सके हैं। आरोपी विदेश न भागें, इसलिए उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। अन्य किसानों के खिलाफ भी गैर जमानती वारंट लेने की कोशिश की जा रही है।