चुनाव के दौरान नशे की खेप तराई में खपाने की योजना को पुलिस ने विफल कर दिया है। एसओजी ने हेरोइन और स्मैक की तस्करी में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से करीब एक किलो हेरोइन व 31.17 ग्राम स्मैक बरामद की है।
मंगलवार को पुलिस कार्यालय में एसएसपी बरिंदरजीत सिंह व एसपी ममता बोहरा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि एसओजी व एडीटीएफ की टीम एलायंस गेट से आगे फ्लाईओवर काशीपुर रोड पर मध्यरात्रि के समय चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सामने से आ रही एक बाइक पर बैठे तीन युवकों को चेकिंग के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर उनसे हेरोइन और स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में तीनों ने अपने नाम पिपलिया नंबर एक, गदरपुर निवासी शुभांकर विश्वास, शीलमपुर कोलकाता पश्चिमी बंगाल निवासी विश्वजीत मजूमदार और हावड़ा कोलकाता निवासी खोकन गोलदार बताया। पूछताछ में खोकन व विश्वजीत ने पुलिस को बताया कि वे बांग्लादेश बॉर्डर से हल्द्वानी, ऊधमसिंह नगर, रामपुर, बरेली में ड्रग्स की तस्करी करते हैं जबकि शुभांकर उनके लिए स्थानीय स्तर पर ग्राहक ढूंढकर लाता है।
एसएसपी ने बताया कि बरामद हेरोइन व स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़, 30 लाख रुपये है। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। खुलासा करने वाली पुलिस टीम को डीआईजी की ओर से 50 हजार रुपये व एसएसपी की ओर से 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट, दरोगा विकास चौधरी, कमाल हसन, सुरेंद्र प्रताप, भूपेंद्र रावत, कंचन, राजेंद्र कुमार, भूपेंद्र आर्या, गणेश पांडे, प्रमोद कुमार, राजकुमार, रविंद्र सिंह, राजेंद्र कुमार, नीरज शुक्ला, विनोद कन्याल।
कुमाऊं में नारको आतंकवाद के पैर पसारने का खतरा
बांग्लादेश के रास्ते अफगानिस्तान से ड्रग्स कुमाऊं में पहुंचने की आशंका
कीर्तिराज रुमाल
रुद्रपुर। बांग्लादेश की सीमा से लगे क्षेत्रों में फल-फूल रही अफीम की खेती के साथ ही अफगानिस्तान के ड्रग्स के बांग्लादेश के रास्ते कुमाऊं में पहुंचने की आशंका से नारको आतंकवाद की जड़ें मजबूत होने का खतरा भी बढ़ गया है। कुमाऊं में इस नशे के धंधे की काली कमाई का इस्तेमाल आतंकवाद को बढ़ावा देने में होने की आशंका है।
मंगलवार को रुद्रपुर में एसओजी की टीम की गिरफ्त में आए तीन तस्करों में से दो पश्चिम बंगाल के हैं। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे हेरोइन और स्मैक को बांग्लादेश बॉर्डर से लेकर आए थे। उनका कहना था कि वे बिचौलिये की मदद से कुमाऊं के साथ यूपी के सीमांत क्षेत्रों रामपुर व बरेली में भी मादक पदार्थों की आपूर्ति करते हैं। इन मादक पदार्थों के डिग्री कॉलेजों में भी आपूर्ति होने की आशंका है। रुद्रपुर में बरामद हेरोइन व स्मैक के बांग्लादेश के बॉर्डर से लाने की पुष्टि होने से अफगानिस्तान से मादक पदार्थों को बांग्लादेश के रास्ते कुमाऊं और यूपी में खपाने की आशंका प्रबल हो गई है।
राज्य में मादक पदार्थों की बिक्री से प्राप्त रकम से विभिन्न आतंकी संगठनों के हथियार खरीदकर नारको आतंकवाद के पैर जमाने के साथ ही युवा पीढ़ी को नशेड़ी बनाकर बर्बाद कर सकते हैं। राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले नशे की इतनी बड़ी खेप को पकड़ना एसओजी की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। पत्रकार वार्ता के दौरान एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने कहा कि पूछताछ में तस्करों ने पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी की बात स्वीकारी है। तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।